दहेज में बीस हजार रुपये नकदी तथा सोने की चेन की मांग पूरी नहीं होने पर पुतुल देवी की उसके ससुराल के लोगों ने जलाकर हत्या कर दी। घटना को लेकर थाने में प्राथमिकी दर्ज करने से इनकार किये जाने के बाद मृत महिला के पिता ने बुधवार को सीजेएम के न्यायालय में मुकदमा दायर किया।
जानकारी के अनुसार बरौली थाना क्षेत्र के बतरदेह गांव के हरेन्द्र बांसफोड़ की पुत्री पुतुल देवी की शादी सिवान जिले के बसतपुर थाना क्षेत्र के तेलिया बसौली गांव के सुनील बांसफोड़ के साथ वर्ष 2012 में हुई थी। शादी के बाद ससुराल जाने पर पुतुल को उसके पति व ससुराल के अन्य लोगों ने दहेज में बीस हजार रुपये नकदी तथा सोने की चेन की मांग के लिए प्रताड़ित मरना शुरु कर दिया। कुछ समय तक वह ससुराल के लोगों की प्रताड़ना को झेलती रही। अंत में उसके पति व अन्य ससुराल के लोगों ने उसकी जलाकर हत्या कर दी। घटना को लेकर दायर वाद में सुनील बांसफोड़ सहित आठ लोगों को नामजद किया गया है।