कुचायकोट थाना क्षेत्र के रामपुर माधो गांव में बच्चों के विवाद में माधुरी देवी नामक महिला को उसके ही पड़ोसी ने चाकू घोंपकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल महिला को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार रामपुर माधो गांव की माधुरी देवी का तीन साल का बच्चा दरवाजे पर खेल रहा था। खेलने के क्रम में बच्चा उनके पड़ोसी मिंटू साह के दरवाजे पर चला गया। इसी बात को लेकर अचानक गुस्सा में आए मिंटू साह ने उसकी पिटाई शुरु कर दी। बच्चे को बचाने जब माधुरी देवी वहां पहुंची तो मिंटू साह ने उसपर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में माधुरी गंभीर रूप से घायल हो गयी। गांव के लोगों ने उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। घटना को लेकर घायल महिला के बयान पर मिंटू साह के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है।