शहर के चर्चित वकील त्रिपुरारी शरण शर्मा हत्याकांड में संलिप्त जय प्रकाश के घर की रविवार को कुर्की की। करीब चार माह की तलाश के बाद भी आरोपी जयप्रकाश का सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
बताया जाता है कि बीते तीस अगस्त को शहर के हजियापुर वार्ड संख्या 27 निवासी वकील त्रिपुरारी शरण शर्मा की गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी। इस हत्याकांड में वकील के पुत्र के बयान पर छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। जिसके बाद पुलिस ने हजियापुर गांव निवासी आरोपी जितेंद्र सिंह व भोजपुरवां गांव निवासी शक्ति सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जिसके बाद एक आरोपी गोल्डन सिंह के घर की भी पुलिस ने कुर्की की। पुलिस की जांच में इस बात का खुलासा हुआ कि इस घटना में बरौली थाना क्षेत्र के देवापुर गांव का जयप्रकाश सिंह भी शामिल था। उसकी खोज में पुलिस करीब चार माह तक परेशान नही। आखिरकार रविवार को पुलिस ने आरोपी के घर की कुर्की की। कुर्की के समय नगर इंस्पेक्टर विमल कुमार, दरोगा अमित कुमार, बरौली थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, मांझा थानाध्यक्ष रामप्रेवश रावत, सिधवलिया थाना व जादोपुर थाने की पुलिस भी मौजूद थी।