जिला मुख्यालय से गुजर रही दोनों हाइवे को जोड़ने के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च कर सड़कों को चौड़ा किया गया। कार्य पूर्ण होने का बोर्ड भी लग गया। लेकिन सड़क पर अतिक्रमण नहीं हटा। ऐसे में हर दिन सरपट सड़क पर खड़े पोल व लगी दुकानें बड़े हादसे को आमंत्रण देते दिख रहे हैं। यह स्थिति तब है, जबकि प्रशासनिक स्तर पर सड़क के बीच के अतिक्रमण को हटाने के लिए निर्देश जारी किये जा चुके हैं।
पिछले वर्ष करोड़ों रुपये की लागत से शहर के बंजारी चौक से लेकर अम्बेडकर चौक के बीच सड़क का चौड़ीकरण कार्य किया गया। लेकिन आज भी इस चौड़ी सड़क का लाभ लोगों को नहीं मिल सका है। कारण आज भी चौड़ी सड़क पर आम लोगों द्वारा किया गया अतिक्रमण है। जो व्यवस्था को मुंह चिढ़ा रहे हैं। यहीं स्थित डाकघर चौक से अम्बेडकर चौक तक स्थित सड़क की है। इस सड़क पर सजी सैकड़ों दुकानें तथा फल व्यवसायियों द्वारा सड़क पर ट्रक खड़े किये जाने के कारण समस्या दिनोंदिन विकराल होती जा रही है। प्रशासनिक स्तर पर अतिक्रमण हटाने के लिए बड़ा अभियान नहीं चलाने के कारण पैदा हुई है।