थाना क्षेत्र के करकटहां पंचायत के मुखिया एवं उनके मुंशी के साथ इंदिरा नगर पकहां में बुधवार की संध्या मारपीट हुई। इस घटना में मुखिया सहित दो लोग घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के मिश्रौली निवासी शंभू मिश्र के कंपाइन पर उन्हीं के गांव के अनिल शुक्ल का पुत्र मृत्युंजय शुक्ल मुंशी का काम करता है। बुधवार की संध्या वह इंदिरा नगर पकहां में कंपाइन का हिसाब दे रहा था। उसी समय करकटहां निवासी लालचंद यादव सहित सात लोग आये एवं मृत्युंजय शुक्ल से दो लाख रुपये रंगदारी की मांग करने लगे। पैसा देने से इंकार करने पर मृत्युंजय शुक्ल को सभी लोगों ने मिलकर पीटना शुरु कर दिया। हल्ला सुनकर मुखिया शंभू मिश्र मौके पर पहुंचे। इसी बीच हमलावरों ने मुखिया की भी पिटाई कर दी। दूसरे पक्ष के करकटहां निवासी मुकेश यादव ने आरोप लगाया है कि पकहां स्थित सिलाई दुकान पर आकर शंभू मिश्र सहित सात लोगों ने मिलकर मुकेश यादव, राजकुमार यादव एवं मोतीलाल यादव को मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस कांड अंकित कर नामजद किये गये मोतीलाल यादव को गिरफ्तार कर लिया है।