विजयीपुर थाना क्षेत्र के भेड़िया गांव में दहेज के लिए एक महिला की जहर देकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के अंदर प्राथमिकी अभियुक्त मृतका के ससुर हरेराम साह को गिरफ्तार कर लिया। जिसे पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया। इस हत्याकांड के अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापेमारी अभियान चला रही है।
बताया जाता है कि भेड़िया गांव में दो दिन पूर्व दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर रुचि देवी की जहर देकर हत्या करने के बाद शव को जला दिया गया था। इस घटना को लेकर मृतका के पिता ने थाना में उसके पति, सास, ससुर सहित पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चलने में जुट गई। इसी बीच गुप्त सूचना पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर गांव में छापेमारी कर इस कांड के प्राथमिकी अभियुक्त मृतका के ससुर हरेराम साह को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापेमारी अभियान चला रही है।