युवती हत्याकाण्ड: अभी तो शिनाख्त करने में ही उलझी है पुलिस

मांझा थाना क्षेत्र में एक माह के अंदर दो अज्ञात महिला की हत्या पुलिस के लिए अभी भी पहले बनी हुई है। हत्यारों ने एक महिला की हत्या कर उनका शव गन्ना के खेत में फेंक दिया था। वहीं दो दिन पूर्व एक अन्य महिला की हत्या कर शव को नहर में फेंक दिया गया था। लेकिन इन दोनों महिलाओं का शव बरामद करने के बाद से ही पुलिस उनकी शिनाख्त कराने में ही उलझी हुई है। इन दोनों महिलाओं की शिनाख्त नहीं हो पाने से पुलिस की अनुसंधान अभी पटरी से उतरी हुई है। हालांकि पुलिस हत्यारों की शिकार बनी दोनों महिलाओं की जल्द ही शिनाख्त कर इस मामले पर से पर्दा उठा लेने का दावा कर रही है।

मांझा के सिकमी गांव के समीप गन्ने के खेत से करीब बीस दिन पूर्व एक महिला का शव बरामद हुआ था। इस महिला की गला रेत कर हत्या करने के बाद हत्यारों ने शव को गन्ना के खेत में फेंक दिया था। शव को बरामद करने के बाद से ही पुलिस इस अज्ञात महिला की शिनाख्त कराने में जुटी हुई है। लेकिन शव बरामद होने के बीस दिन बाद भी इस अज्ञात महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है। इसी बीच दो दिन पूर्व हत्यारों ने एक अन्य महिला की हत्या का उसका शव मांझा के जलालपुर गांव के समीप स्थित सारण नहर में फेंक दिया। बीते गुरुवार को इस महिला का शव पुलिस ने अ‌र्द्धनग्न अवस्था में बरामद किया। शव को देखने के बाद यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि महिला के साथ दुष्कर्म करने के बाद गला रेत कर हत्या की गयी है। लेकिन शव बरामद होने के बाद अभी तक इस अज्ञात महिला की भी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस अभी इन हत्यारों की शिकार बनी इन दोनों महिलाओं की शिनाख्त करने में ही उलझी हुई है। जिससे जांच की गति पटरी से उतर सी गयी है। हालांकि इस संबंध में पूछे जाने पर एसडीपीओ मनोज कुमार ने बताया कि शव बरामद होने के बाद दोनों अज्ञात महिलाओं की पहचान के लिये लगातार अनुसंधान किया जा रहा है। जल्द ही दोनों मृत महिलाओं की पहचान कर उनके हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Ads:






Ads Enquiry