बकाया राशि की वसूली करने के बाद उसे जमा करने के लिए जा रहे कटेया थाना क्षेत्र के अमेया पैक्स के अध्यक्ष विकास तिवारी से एक लाख 79 हजार रुपये नकदी लूट ली गयी। घटना को लेकर पैक्स अध्यक्ष के बयान पर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।
बताया जाता है कि कटेया थाना क्षेत्र के अमेया गांव के निवासी तथा अमेया पैक्स के अध्यक्ष विकास तिवारी बकाये राशि की वसूली करने के बाद प्राप्त किये गये 1,79,500 की राशि जमा करने के लिए जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में सुकसेनवां गांव के समीप दो बाइक पर सवार आधा दर्जन लोगों ने पिस्तौल का भय दिखाकर उन्हें जबरन रोक लिया। सुनसान स्थान पर अपराधियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी देकर उनके पास मौजूद 1,79,500 रुपये नकदी के अलावा करीब सत्तर हजार रुपये मूल्य की सोने की चेन लूट ली और आसानी से भाग निकले। घटना को लेकर पैक्स अध्यक्ष के बयान पर कटेया थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। कांड अंकित कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।