पुलिस ने थाना क्षेत्र के तीन अलग-अलग स्थानों पर छापा मारकर अवैध शराब की बोतलों के साथ छह कारोबारियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गये सभी छह आरोपियों को पुलिस ने रविवार की शाम जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार कटेया थानाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण महतो को गुप्त सूचना मिली की थाना क्षेत्र के तीन अलग अलग गांवों में अवैध तरीके से देशी शराब की बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही अवर निरीक्षक चंद्रशेखर आजाद एवं पुलिस बल के साथ थाना क्षेत्र के पटोहवां गांव स्थित एक गुमटी में छापामारी की गयी। जहां से चार सौ एमएल का नौ बोतल देशी शराब के साथ सुदर्शन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद थाना क्षेत्र के बैदौली में छापामारी की गयी जहां एक झोपड़ी से चार सौ एमएल का पंद्रह बोतल शराब के साथ रामनरेश भगत तथा थाना क्षेत्र के नौ आरडी नहर पुल के पास एक गुमटी में की गयी छापामारी के दौरान चार सौ एमएल का अठारह बोतल तथा वहीं एक होटल से चार सौ एमएल का चालीस बोतल देशी शराब बरामद किया गया। छापामारी के दौरान पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त कुइसा खुर्द निवासी अवधेश सिंह, राजापुर गांव के मोहन सिंह, नटवां निवासी कन्हैया यादव एवं मिश्रौली निवासी रामाधार साह को गिरफ्तार कर लिया। घटना को लेकर थाने में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।