प्रखंड क्षेत्र के दिघवा दुबौली उत्तर पंचायत के वर्तमान मुखिया सुरेश प्रसाद सहित दस लोगों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। स्थानीय गृह रक्षक के बयान पर कांड अंकित कर पुलिस मामले की छानबीन में लग गयी है।
गृह रक्षक दिनेश कुमार सिंह ने दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि वे अपने सहयोगी जवान मोहम्मद कलामुद्दीन के साथ एक विवादित जमीन पर विधि व्यवस्था की निगरानी के लिए तैनात थे। इसी बीच मुखिया सुरेश प्रसाद तथा मिथलेश प्रसाद सहित आठ-दस अन्य लोगों ने हथियार से लैश होकर विवादित जमीन पर पहुंच गये तथा जमीन पर जबरन झोंपड़ी रखने लगे। जब जवानों ने इसका विरोध किया तो दोनों लोगों ने उनके साथ मारपीट की तथा जान से मारने तक की धमकी दे डाली। इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष मोहम्मद जाकरिया ने बताया कि उक्त विवादित जमीन पर अवैध दखल कब्जा नहीं कर सके, इसके लिए कोर्ट के निर्देश पर होमगार्ड के जवानों को तैनात किया गया था। मुखिया द्वारा कानून को हाथ में लेने व रंगदारी करने की बात सामने आयी है। प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है। इस संबंध में पूछे जाने पर मुखिया सुरेश प्रसाद ने आरोप लगाया कि विरोधी लोगों से मिलकर पुलिस हमारे राजनैतिक कैरियर को खराब करना चाहती है।