भोरे प्रखंड के जगतौली पंचायत की मुखिया पति रमेश कुमार सिंह को कुछ लोगों ने मारपीट कर घायल करने के बाद उनके पास मौजूद 55 हजार रुपये नकदी छीन ली। घटना को लेकर कोर्ट के आदेश पर सोमवार को थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी।
जानकारी के अनुसार भोरे थाना क्षेत्र के सकतौली गांव के निवासी तथा जगतौली पंचायत की मुखिया इन्दू देवी के पति रमेश कुमार सिंह साहु जैन हाई स्कूल मीरगंज से 55 हजार रुपया लेकर घर लौट रहे थे। इसी बीच रास्ते में आधा दर्जन लोगों ने उन्हें जबरन रोक लिया तथा मारपीट कर घायल करने के बाद उनके पास मौजूद 55 हजार नकदी छीन ली। घटना को लेकर दर्ज हुई प्राथमिकी में रमेश कुमार सिंह ने मारपीट करने वालों पर पांच लाख रुपये रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। कांड अंकित कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।