इस पथ से होकर गुजरना विजयीपुर के साथ ही भोरे तथा कटेया प्रखंड के लोगों की मजबूरी है। इन तीनों प्रखंडों के लोग इसी पथ से होकर ट्रेन पकड़ने के लिए उत्तर प्रदेश के भटनी जंक्शन जाते हैं। लेकिन अब यह सड़क जानलेवा बन गयी है। विजयीपुर से यूपी की सीमा तक तीन किलोमीटर इस सड़क का स्थिति इतनी जर्जर हो गयी है कि आये दिन हादसे होते रहते हैं। ऐसे में इस पथ से गुजरने वाले राहगीरों को ग्रामीण यही सलाह देते हैं कि जरा संभल कर चलें, यह पथ जानलेवा है।
ग्रामीण बताते हैं कि विजयीपुर से यूपी के भटनी तक की दूरी दस किलोमीटर है। विजयीपुर भटनी पथ विजयीपुर के साथ ही भोरे तथा कटेया के लोगों को यूपी से जोड़ती है। इन तीनों प्रखंडों के लोगों के लिए भटनी जंक्शन ही नजदीकी मुख्य रेलवे स्टेशन है। लेकिन विजयीपुर से यूपी की सीमा तक तीन किलोमीटर सड़क की दशा इस कदर जर्जर हो गयी है कि इस पर वाहन कौन कहे, पैदल चलना भी मुश्किल है। ग्रामीण कहते हैं कि डेढ़ दशक पूर्व यह पीसीसी सड़क विधायक मद से बनायी गयी थी। लेकिन देखरेख के अभाव में अब यह सड़क पूरी तरह से जर्जर हो गयी है। जिससे आए दिन इस पथ पर हादसे होते रहते हैं। ग्रामीण बताते हैं कि यूपी में प्रवेश करने के बाद इस सड़क की स्थिति काफी बेहतर है। लेकिन विजयीपुर से यूपी की सीमा तक तीन किलोमीटर सड़क परेशानी का कारण बन गयी। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस सड़क की दशा सुधारने की दिशा में पहल करने की मांग की है।