कुचायकोट में शिक्षक नियोजन में धांधली की होगी जांच

बुधवार को जिला पदाधिकारी राहुल कुमार ने कुचायकोट प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में डीएम ने प्रखंड नजारथ, अंचल कार्यालय, आरटीपीएस, पंचायती राज पदाधिकारी कार्यालय, सांख्यिकी कार्यालय समेत तमाम विभागों के कार्यों की गहन जांच पड़ताल की। इस दौरान डीएम ने प्रखंड नियोजन ईकाई द्वारा वर्ष 2008 के बचे हुए पदों पर हो रहे नियोजन में मिली शिकायत पर नियोजन से जुड़े सभी अभिलेख उनके कार्यालय में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही स्थानांतरण के एक साल बाद भी प्रखंड कार्यालय में जमे प्रखंड नाजिर रामगोपाल सिंह को एक सप्ताह के अंदर प्रभार लेकर विरमित करने का निर्देश दिया गया। पंचायत समिति सदस्य शैलेश पाण्डेय की शिकायत पर डीएम ने बीडीओ सह कार्यपालक पदाधिकारी दृष्टि पाठक को निर्देश दिया कि पंचायत समिति में बनाए गई स्थाई समितियों की समीक्षा कर इसे भंग कर नई समितियों का गठन किया जाए।
करीब दो घंटे तक निरीक्षण के दौरान डीएम ने सभी आवश्यक संचिकाओं को देखा। संचिकाओं की जांच करने के दौरान डीएम ने संबंधित पदाधिकारियों को कई निर्देश भी दिए। निरीक्षण के समय डीडीसी दयाशंकर मिश्र, बीडीओ दृष्टि पाठक, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी हरेन्द्र दुबे ,पंचायती राज पदाधिकारी रामविजय पणित ,प्रखंड कृषि पदाधिकारी होसिला तिवारी समेत तमाम पदाधिकारी व प्रखंड कर्मी मौजूद रहे।

महिलाओं ने सुनाई अपनी समस्याएं
 कुचायकोट प्रखंड का निरीक्षण करने पहुंचे जिला पदाधिकारी राहुल कुमार ने कार्यालय परिसर में महिलाओं की समस्याएं सुनीं। बंगाल खाड़ पंचायत की एक दर्जन से अधिक महिलाओं ने डीएम से वृद्धा पेंशन को लेकर गुहार लगाई। डीएम ने महिलाओं की समस्या को सुनने के बाद मौके पर मौजूद बीडीओ से इस संबंध में जानकारी ली। बीडीओ ने बताया कि इन सभी महिलाओं का आवेदन स्वीकृति कर मुख्यालय भेजा जा चुका है। शीघ्र ही सभी लाभुकों के खाते मे राशि पहुंच जाएगी। डीएम से गुहार लगाने वाली महिलाओं में मीना देवी, शुभावती देवी, यशोदा देवी, शिवकांती देवी, मदनी देवी सहित काफी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं।

Ads:

सम्बंधित खबरें:







Ads Enquiry