शहर के सिनेमा रोड़ उत्पाद विभाग के हाजत में बंद एक शराब तस्कर हाजत का रोशनदान तोड़कर फरार हो गया। इस घटना को लेकर उत्पाद विभाग ने थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस फरार तस्कर को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।
बताया जाता है कि उत्पाद विभाग की टीम ने सोमवार की दोपहर उत्तर प्रदेश से 868 बोतल शराब लेकर आ रहे कुशीनगर जिले के तरेया सुजान थाना क्षेत्र के कोईनी गांव निवासी इमाम मियां को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार करने के बाद उसे शहर के सिनेमा रोड़ स्थित उत्पाद विभाग के हाजत में बंद कर दिया गया। बताया जाता है कि सोमवार की रात आरोपित हाजत का रोशनदान को तोड़ कर फरार हो गया। मंगलवार को हाजत से आरोपित के फरार होने की जानकारी मिलने पर उत्पाद विभाग में हड़कंप मच गया। इस घटना को लेकर उत्पाद विभाग के पदाधिकारी ने नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस फरार आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।