पति के अवैध संबंध का विरोध करने पर मांझा थाना क्षेत्र के लंगटू हाता गांव में विवाहित सरिता देवी को उसके ससुराल के लोगों ने जलाकर मारने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर पहुंचे आसपास के लोगों ने उसकी जान बचाई। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के पति प्रमोद बैठा को गिरफ्तार कर गुरुवार की शाम जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार सरिता देवी की शादी मांझा थाना के लंगटू हाता गांव के प्रमोद बैठा के साथ हुई । पूर्व में ही महिला ने ससुराल के लोगों पर प्रताड़ित करने के आरोप में आपराधिक मामला दर्ज कराया था। इस मामले को सुलह करने के बाद सरिता को उसके पति व भैसुर के अलावा ससुराल के लोग उसे अपने साथ बुलाकर ले गए। बताया जाता है कि सरिता को ससुराल ले जाने के बाद उसे उसके ससुराल के लोगों ने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। इसी बीच सरिता ने अपने पति का अवैध संबंध देख लिया। इस बात पर जब सरिता ने शोर मचाना शुरू किया तो उसके पति व ससुराल के लोगों ने मिट्टी का तेल उसके शरीर पर छिड़ककर जलाकर मारने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर पहुंचे गांव के लोगों ने महिला की जान बचाई। इस संबंध में सरिता देवी ने अपने पति प्रमोद बैठा तथा जेठ भीम बैठा सहित चार लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रमोद बैठा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अन्य आरोपियों की धर पकड़ के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।