कटेया थाना क्षेत्र के परसौनी गांव में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर एक महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। महिला की हत्या करने के बाद शव को जलाने का भी प्रयास किया गया। लेकिन इसी बीच सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतका के भाई प्रेम कुशवाहा के बयान पर थाने में उसके पति सुग्रीव कुशवाहा सहित दो लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
बताया जाता है कि उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिला के तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के राजापाकर गांव निवासी कपिलदेव कोइरी की पुत्री सरोज की शादी कटेया थाना क्षेत्र के परसौनी निवासी नथुनी कुशवाहा के पुत्र सुग्रीव कुशवाहा के साथ लगभग 15 साल पूर्व हुई थी। शादी के कुछ दिन के बाद से ही दहेज के लिए सरोज देवी को प्रताड़ित किया जाने लगा। जिसको लेकर दो साल पूर्व कुशीनगर न्यायालय में महिला ने दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया गया था। यह मामला अभी कोर्ट में लंबित है। इसी बीच शुक्रवार की शाम सरोज देवी की गला दबाकर हत्या कर दी गई तथा आनन-फानन में शव को जलाने का प्रयास किया जाने लगा। तभी कुछ ग्रामीणों ने इसकी सूचना मृतका के मायके वालों को दी। सूचना मिलने पर मायके के लोग वहां पहुंच कर इसकी जानकारी पुलिस को दी।