फुलवरिया थाना क्षेत्र के दुबे बतरहां गांव में छेड़खानी का विरोध करने पर कुछ युवकों ने एक छात्रा पर फरसा से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना की जानकारी मिले पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने छात्रा को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन उसकी हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उसे पटना रेफर कर दिया। इस घटना को लेकर छात्रा के बयान पर छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
बताया जाता है कि फुलवरिया थाना क्षेत्र के दुबे बतराहां गांव निवासी भृगुनाथ तिवारी की पुत्री प्रिया कुमारी गांव में ही स्थित विद्यालय में पढ़ने गई थी। स्कूल बंद होने के बाद छात्रा अपने घर लौट रही थी। इस दौरान स्कूल से घर जाने वाली सड़क पर सुनसान जगह पर कुछ युवकों ने छात्रा को रोक लिया तथा उसके साथ छेड़खानी करने लगे। बताया जाता है कि छेड़खानी करने पर छात्रा विरोध करने लगी। जिससे आक्रोशित युवकों ने फरसा से हमला कर छात्रा को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के बाद युवक फरार हो गए। बाद में इस घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने छात्रा को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन उसकी हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उसे पटना रेफर कर दिया। इस घटना की जानकारी मिलने पर सदर अस्पताल पहुंची पुलिस छात्रा के बयान पर छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल कर रही है।