थावे-कप्तानगंज रेलखंड के सासामुसा स्टेशन के पास ट्रेन से कटने से गंभीर रूप से घायल एक महिला रेलवे ट्रैक पर घंटों तड़पती रही। इस दौरान महिला को देखने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। सभी तमाशाबीन बने रहे। किसी ने भी महिला को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास नहीं किया और महिला ने तड़प तड़प कर दम तोड़ दिया। महिला की मौत के बाद सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची जीआरपी भी शव को टांगते हुए बाहर ले गई। इसके बाद महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बताया जाता है कि एक महिला सासामुसा स्टेशन पर गोरखपुर से सिवान जाने वाले पैसेंजर ट्रेन का इंतजार कर रही थी। पैसेंजर ट्रेन सासामुसा स्टेशन पर रुकने के बाद जैसे ही थावे के लिए खुली यह महिला चलती हुई ट्रेन में चढ़ने लगी तथा ट्रेन पर कुछ देर लटकने के बाद यह महिला स्टेशन के कुछ दूरी पर गिर गई। जिससे ट्रेन की चपेट में आने से यह महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई। बताया जाता है कि ट्रेन से गिरने के बाद यह महिला रेलवे ट्रैक पर घंटों तड़पती रही। इस बीच वहां महिला को देखने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। लेकिन सभी तमाशाबीन बने रहे। किसी ने भी महिला को अस्पताल पहुंचने की कोशिश नहीं किया। स्टेशन के पास महिला के ट्रैक पर पड़े होने के बाद भी न तो रेल कर्मी वहां आए और ना ही जीआरपी के जवान वहां पहुंचे। इसी बीच महिला ने तड़पते तड़पते दम तोड़ दिया। महिला के बाद मौके पर पहुंची जीआरपी महिला के शव को टांग कर बाहर ले गई और उसके बाद उसे पोस्टमाट्रम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। बाद में मृतक महिला की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के राजापुर गांव निवासी सुभाष मियां की पत्नी नेबू नेशा के रूप में की गई है। हालांकि कुछ लोगों के अनुसार महिला ट्रेन के सामने कूद गई थी। इस संबंध में सासामुसा स्टेशन के स्टेशन मास्टर लालजी राम ने बताया कि ट्रेन संख्या 7512 से महिला कट गई थी। गार्ड से सूचना मिलने के बाद इसकी जानकारी जीआरपी को दी गई। उन्होंने बताया कि महिला को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की गई। लेकिन उनकी मौत हो गई। महिला ने आत्महत्या की है या उनकी ट्रेन से गिरने से मौत हुई है, इसको लेकर जीआरपी जांच पड़ताल कर रही है।