Wed, 24 May 2017 03:04 AM (IST)
मीरगंज थाना क्षेत्र के जीन बाजार में रहकर नाच गाने का कार्य करने वाली निशा किन्नर की हुई मौत के मामले में थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मृत निशा किन्नर के साथ नाचने व गाने का काम करने वाली पायल किन्नर के बयान पर कांड दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
पायल किन्नर ने दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि निशा किन्नर अपने साथियों के साथ मिलकर नाचने व गाने का कार्य करती थी। निशा किन्नर के साथ हथुआ थाना क्षेत्र के जादो पीपरा गांव का दीपक सिंह पिछले कुछ समय से रह रहा था। घटना के एक दिन पूर्व निशा किन्नर अपने सहयोगियों के साथ कुचायकोट प्रखंड के सासामुसा में आयोजित नाचने व गाने के कार्यक्रम में भाग लेने गई थी। नाच का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद निशा व उसके साथ रह रहे दीपक सिंह के बीच गाली-गलौज व मारपीट हुई। उस समय साथियों ने झगड़ा को शांत करा दिया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे लोग जीन बाजार स्थित अपने आवास पर चले आए। पायल किन्नर ने आरोप लगाया है कि रात्रि समय निशा किन्नर के साथ दीपक सिंह उसके कमरे में था। सुबह निशा फांसी से लटकी मिली। उसने निशा के कमरे में मौजूद जादो पीपरा गांव के दीपक सिंह पर निशा की हत्या करने का आरोप लगाया है। बताया जाता है कि मृत निशा किन्नर मूल रूप से पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले के दमदम की रहने वाली थी। जो पिछले कुछ समय से मीरगंज थाना क्षेत्र के जीन बाजार में रहकर नाचने व गाने का कार्य करती थी। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।