Sun, 1 May 2016
दूसरे चरण के पंचायत चुनाव की समाप्ति के बाद गुरुवार की शाम के सात बजे कटेया थाना क्षेत्र के तिवारी टोला व नेहरुआ गांव के बीच स्थित चौराहे पर सड़क जाम करने तथा सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में निवर्तमान मुखिया उपेन्द्र मिश्र सहित 174 ग्रामीणों के विरुद्ध थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। दर्ज प्राथमिकी में करीब डेढ़ सौ अज्ञात ग्रामीणों को भी आरोपी बनाया गया है।
सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे कटेया थानाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण महतो ने घटना को लेकर थाने में दर्ज प्राथमिकी में निवर्तमान मुखिया उपेन्द्र मिश्र सहित अन्य लोगों पर जबरन अधिकारियों के वाहन को सड़क पर रोकने तथा प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी करने का आरोप लगाया गया है। दर्ज प्राथमिकी में उपेन्द्र मिश्र के अलावा मनोज मिश्र, कुंदन मिश्र, रिंकी लाल, रविरंजन, विवेकानंद मिश्र, संजय मिश्र, विनोद मिश्र, संजय मिश्र तथा वीरेन्द्र मिश्र सहित 174 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। कांड अंकित कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।