Wed, 04 May 2016
जादोपुर थाना क्षेत्र के जादोपुर भठवा गांव में भूमि विवाद को लेकर कुछ लोगों ने एक ही परिवार के तीन लोगों को मारपीट कर घायल कर दिया। इन घटनाओं को लेकर थाने में छह लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। जानकारी के अनुसार जादोपुर थाना क्षेत्र के जादोपुर भठवा गांव की ज्ञान्ती देवी अपने घर के समीप ईट गिरा रही थी। इसी बीच पड़ोसी नगीना यादव सहित आधा दर्जन लोग मौके पर पहुंच गये तथा महिला को ईट गिराने से रोकने लगे। विवाद बढ़ने के साथ ही नगीना यादव सहित उनके साथ आए लोगों ने महिला पर हमला कर दिया। महिला को बचाने पहुंचे उनके दो पुत्रों पप्पू राम तथा लड्डू राम को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया। तीनों घायलों को परिवार के लोगों ने इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां ज्ञान्ती देवी के बयान पर मामले की थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी। इस संबंध में किसी की भी गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।