, ,

Gopalganj News: अग्निकांड में सौ घर जलकर राख, बच्चे की मौत

Tue, 26 Apr 2016

थाना क्षेत्र के शाहपुर पकड़ियार मुसहर टोली गांव में सोमवार को अचानक आग लग जाने से पूरी बस्ती जलकर राख हो गयी। आग की चपेट में आने से एक मासूम बच्चे की भी मौत हो गयी। जब कि दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए है। आग से झुलसे लोगों को इलाज के लिये सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अग्निकांड में सौ से अधिक घर जलकर राख हो गये। इस घटना में दर्जनों साइकिल, आधा दर्जन बकरियां, एक लाख से अधिक नगदी, भारी मात्रा में अनाज, जेवर, कपड़े समेत लाखों की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची दो फायर बिग्रेड गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। मौके पर पहुंचे सीओ राजीव रंजन तथा गोपालपुर थानाध्यक्ष राजदेव प्रसाद काफी देर तक स्थिति को नियंत्रित करने में लगे रहे।बताया जाता है कि गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर पकड़ियार मुसहर टोली में करीब साढ़े दस बजे एक झोपड़ी में आग लगी। इसके पूर्व कि लोग आग पर काबू पाते, देखते ही देखते आसपास के सौ घरों को अपने आगोश में ले लिया। इस दौरान जोखन मुसहर के घर आए पंचदेवरी प्रखंड के कोईसा खुर्द गांव का एक लड़का, जो अपने ननिहाल में आया था घर में ही आग के चपेट में फंस गया। आग का प्रकोप कम होने पर जब उसको घर से बाहर निकाला गया तो वह बुरी तरह से जल चुका था तथा उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। बच्चे की पहचान सात वर्षीय बउक के रुप में किया गया। जो कोईसा खुर्द के मुन्ना मुसहर का लड़का था। इस दौरान लोगों ने जिला प्रशासन को भी इस अग्निकांड की जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद फायर बिग्रेड की दो गाडि़यां मौके पर पहुंचकर आग को बुझाने का प्रयास शुरु किया। लगभग तीन घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान थानाध्यक्ष राजदेव प्रसाद और सीओ भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने में जुटे थे। आगलगी में गांव की फुलमती देवी, विगन देवी, तुफानी प्रसाद, भुनेश्वर मुसहर, रामदेव मुसहर, रामचंद्र मुसहर, मुन्नर मुसहर, रामकुमार प्रसाद, धनि प्रसाद, बाबुलाल प्रसाद, बुद्धू मुसहर, मोतीचंद मुसहर, व्यास मुसहर, बलिस्टर प्रसाद, भोला प्रसाद, छोटन प्रसाद, रामसेवक प्रसाद, गणेश मुसहर, सुरेश मुसहर सहित करीब सौ लोगों का घर जलकर राख हो गया।
आग ने उजाड़ दिया कई परिवारों का सपना
गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर पकड़ियार मुसहर टोली में लगी भीषण आगलगी के बाद जैसे ही आग की तपिश कम हुयी, पुरा इलाका लोगों के चिख पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया था। दर्जनों महिलाएं और पुरूष गांव के बाहर कहीं खेतों में तो कहीं पेड़ के किनारे बैठकर चिख पुकार मचा रहे थे। तमाम लोगों के समझाने बुझाने के बाद भी उनकी पीड़ा कम नहीं हो रही थी। लगभग सौ परिवारों के इस बस्ती में इस सप्ताह से लेकर अगले महीने तक चार परिवारों में शादियां होनी थी। जिसमें तीन लड़कों की और एक लड़की की शादी होनी थी। सभी परिवार के लोगों ने तिनका-तिनका जोड़कर शादी ब्याह का इंतजाम किया था। रामसुंदर प्रसाद के लड़के अनिल की शादी जून महीने में तय थी। शादी को लेकर सोमवार की सुबह ही सत्तर हजार रुपये का इंतजाम कर घर में लाकर रखा गया था। अग्निकांड में सत्तर हजार रुपये के साथ पूरा घर जलकर राख हो गया। राम सुंदर प्रसाद ने रोते हुये बताया कि हमारी तो दुनिया ही उजड़ गयी। बच्चे की शादी करनी थी। जिसके लिए उधार कर्जा लेकर सत्तर हजार रुपये आज ही घर में लाकर रखे थे। जो शाम को दुकान वाले को देना था। अब आगे क्या होगा। उन्हें कुछ पता नहीं। ऐसे हीं नवमी मुसहर की लड़की मीरा की शादी जून में होने वाली थी। जिसके लिए परिवार ने बेटी के लिए कुछ जेवर, नगदी और बर्तन खरीदकर घर में संजोकर रखा था। जले हुये बक्से और समान की तरफ इशारा करते हुए कहा कि इस बक्से के साथ ही हमारे बेटी के सारे सपने भी जलकर राख हो गये। बच्चन मुसहर के लड़के विरेश की शादी भी अगले महीने होने वाली थी। वहीं राम बच्चन मुसहर के लड़के टूनटून की शादी भी अगले महीने तय थी। इन सभी के घर और पुरा समान जलकर राख हो गया। तमाम पीड़ित पेड़ों के नीचे बगीचों में शरण लिये हुये है। परिवार के सामने पीने के पानी का भी संकट खड़ा है। बस्ती में हालांकि कोई सरकारी चापाकल तो नहीं है पर अपने निजी चापकलों से अपनी प्यास बुझाते थे। अग्निकांड में सारे चापाकल भी जलकर पिघल चुके है। ऐसे में खाना तो दूर पानी पीने के लिए भी इस बस्ती के लोग अब मोहताज हो गये है। उनकी निगाहें प्रशासन की तरफ से मिलने वाली मदद और सहायता से टिकी हुयी है। मौके पर पहुंचे सीओ से स्थानीय लोगों ने अग्निकांड के शिकार हुये महादलित बस्ती के लोगों ने आपदा प्रबंधन विभाग से सामूहिक इंदिरा आवास देने की मांग की। सीओ ने कहा कि वह पूरे मामले का आकलन कराने के बाद जो भी आवश्यक सहायता होगा किया जाएगा।
सिधवलिया में तीन घरों में लगी आग
सिधवलिया प्रखंड के बुचेया गांव में सोमवार को भीषण आग लगने से तीन झोपड़ी जलकर राख हो गयी। इस आग लगी में झोपड़ी में रखे गए लाखों रूपये के समान भी जलकर राख हो गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों के अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
बताया जाता है कि सोमवार की सुबह अचानक लगी आग में बुचेया गांव निवासी मोतीलाल राय, रामानंद राय एवं परमानंद राय का मकान तथा लाखों की संपत्ति जलकर राख हो गयी। स्थानीय लोगों ने ही आग बुझाने में काफी मदद की। काफी देर बाद पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी सिर्फ दिखाने के लिए साबित हुई। वहीं मौके पर पहुंचे सीओ तथा जनप्रतिनिधियों ने अग्नि पीड़ितों को सांत्वना दी।
Ads:

सम्बंधित खबरें:







Ads Enquiry