पंचायत चुनाव के दौरान प्रशासन को भारी संख्या में वाहनों की दरकार होगी। वाहनों की जरुरत को देखते हुए वाहन मालिकों को वाहन जमा करने के लिए नोटिस देने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाएगी। इस बीच प्रशासन ने अधिग्रहित किए जाने वाले वाहनों के लिए किराये का निर्धारण कर दिया है। एक दिन के लिए अधिग्रहित बड़ी बस का किराया प्रशासनिक स्तर पर 2200 रुपये दिया जाएगा। इसके अलावा वाहन का ईंधन खुद प्रशासन उपलब्ध कराएगा। राज्य परिवहन आयुक्त ने हरेक वाहन के लिए दर निर्धारित करते हुए इसी हिसाब से राशि का भुगतान कराने का आदेश दिया है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पंचायत चुनाव के दौरान जिले में अनुमानित रूप से छोटी बड़ी करीब 2900 वाहनों की दरकार होगी। इतनी बड़ी संख्या में वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए परिवहन कोषांग की ओर से मंथन का कार्य भी चल रहा है। दूसरी ओर परिवहन आयुक्त ने हरेक वाहन के लिए राशि का भुगतान करने का पत्र निर्गत कर दिया है। इसके तहत हरेक वाहन का प्रति दिन के दर से मुआवजा राशि का भुगतान किया जाएगा। वाहनों की तिथि विशेष को सुबह या दोपहर बाद पकड़े जाने की स्थिति में क्रमश: पूरे दिन व आधे दिन का मुआवजा अनुमान्य किया जाएगा।
प्रत्येक प्रखंड में अधिग्रहित होंगे वाहन
पंचायत चुनाव के दौरान प्रत्येक प्रखंड के लिए अलग-अलग वाहनों का अधिग्रहण किया जाएगा। अलावा इसके जिला स्तर भी कुछ वाहन अधिग्रहित किया जाना है। चूंकि पंचायत चुनाव आठ चरण में किया जाना है, ऐसे में सभी वाहनों की जरुरत एक साथ नहीं होगी।
अधिग्रहित वाहन व ईंधन का दर
वाहन दर प्रतिदिन ईधन दर
मोटरसाइकिल 200 40
आटो रिक्शा 400 20
विक्रम, ओमनी 550 14
छोटी कार सामान्य 650 12
छोटी कार एसी 750 10
जीप व कमांडर 650 10
बोलेरो, सूमो सामान्य 700 10
बोलेरो, सूमो एसी 800 08
जाइलो, स्कार्पिओ 1200 10
ट्रैक्टर, ट्रेलर 650 06
मैक्सी, सीटी राइड 1200 08
मिनी बस 39 सीट 1500 05
बस 49 सीट 2000 04
बस 50 सीट से आगे 2200 3
सकलयान 3000केजी 550 10
सकलयान 7500 तक 900 08
सकलयान छह चक्का 1500 04
सकलयान दस चक्का1900 03
बड़ी ट्रक 2000 03
नोट : वाहन का दर अंकित किए गए किलोमीटर पर एक लीटर के दर से है।