जादोपुर-मंगलपुर सेतु निर्माण कार्य में लगी बशिष्ठा कंपनी के रजवाही स्थित बेस कैंप में आपसी विवाद के बाद सैप के दो जवान आपस में भिड़ गये। इस घटना में एक सैप जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल जवान को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार बशिष्ठा कंपनी के बेस कैंप की सुरक्षा के लिए सैप के जवानों की तैनाती की गयी है। बेस कैंप में तैनात मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के पकड़ी बसारत गांव के मूल निवासी तथा सैप के जवान कन्हई प्रसाद कैंप के अंदर दूध गर्म कर रहे थे। इसी बीच उनका साथी सैप जवान अखिलेश कुमार उनके पास पहुंचा और किसी बात को लेकर उनसे उलझ गये। इस बीच लाठी से हमला कर अखिलेश कुमार ने कन्हई प्रसाद को गंभीर रूप से घायल कर दिया। कैंप में तैनात अन्य कर्मियों ने सैप जवान कन्हई प्रसाद को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। घायल जवान के बयान पर जादोपुर थाने में सैप जवान अखिलेश कुमार के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। कांड अंकित कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।