केंद्रीय वित्त मंत्रालय द्वारा सोना पर एक प्रतिशत एक्साइज टैक्स लगाए जाने के विरोध में सर्राफा मण्डल के सदस्यों मण्डल अध्यक्ष सुरेश कुमार के नेतृत्व में शनिवार को दूसरे दिन भी शहर में विरोध मार्च निकाल कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान सर्राफा मण्डल के सदस्यों ने केंद्र सरकार द्वारा स्वर्ण पर लगाये गए एक प्रतिशत एक्साइज कर को अविलंब वापस लेने की मांग की तथा जेवर के दुकानों को बंद रखा।
अपने आंदोलन के दूसरे दिन शनिवार को सर्राफा मंडल के सदस्यों ने नगर के मौनिया चौक, अम्बेडकर चौक, जंगलिया मोड़, श्याम सिनेमा रोड़, डाकघर चौक होते हुए पूरे नगर में विरोध मार्च निकाला। इस दौरान सभी दुकानदारों ने अपनी दुकानों को बंद रखा। स्वर्ण व्यवसायियों का कहना था कि जब तक बढ़ाया गया एक्साइज कर वापस नही लिया तक तब आंदोलन जारी रहेगा। आंदोलन को लेकर सर्राफा मंडल के सदस्यों ने दूसरे दिन भी आंदोलन को गति देने को लेकर बैठक भी किया। विरोध मार्च में संरक्षक कृष्णा कांत प्रसाद, संजीव कुमार पिंकी, मनोज कुमार, राजेश कुमार, शंभु कुमार प्रसाद, संतोष कुमार, मुन्ना प्रसाद, ललन प्रसाद, भारत कुमार, मोहन प्रसाद, गीरधर, रवि कुमार सहित कई लोग मौजूद थे।
ग्रामीण क्षेत्र में दूसरे दिन भी बंद रही दुकानें
भारत सरकार की ओर से टैक्स में वृद्धि किये जाने के विरोध सर्राफा व्यवसायी के आह्वान पर शनिवार को भी दूसरे दिन कटेया व मीरगंज सर्राफा व्यवसायियों ने अपनी अपनी दुकानें बंद रखी। इस संबंध में संघ के सदस्यों ने बताया कि सरकार जब तक हमारी मांगे मान नहीं लेती है हमारा आंदोलन अनवरत जारी रहेगा।