हथुआ अंचल कार्यालय में कार्य करने के दौरान गोपेश्वर कालेज के प्राचार्य बैकुंठ पाण्डेय को जान से मारने की धमकी दी गयी। इस घटना के बाद प्राचार्य के बयान पर थाने में सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने तथा धमकी दिये जाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को गोपेश्वर कालेज के प्राचार्य सरकारी निर्देश के आलोक में हथुआ स्थित अंचल कार्यालय में पहुंचकर कुछ कार्यो का निबटारा कर रहे थे। इसी बीच पहुंचा एक युवक सीओ के कार्यालय प्रकोष्ट में ही उनसे उलझ गया। विरोध करने पर कार्यालय में पहुंचे युवक ने प्राचार्य को जान से मारने की धमकी दी तथा सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने लगा। अंचल कार्यालय के अन्य कर्मियों के बीच बचाव के बाद मामला शांत हुआ। घटना के बाद हथुआ थाना पर पहुंचे प्राचार्य ने घटना की थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी। दर्ज प्राथमिकी में हथुआ थाना क्षेत्र के सोहागपुर गांव के अभिषेक कुमार सिंह को नामजद आरोपी बनाया गया है। प्राचार्य ने पूर्व में भी युवक पर धमकी देने का आरोप लगाया है। कांड अंकित कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।