थाना क्षेत्र के पथरा गांव में करंट की चपेट में आने से सुअर चरा रहे एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गयी। अधेड़ की मौत की खबर आने के साथ ही ग्रामीण आक्रोशित हो गये तथा घटना स्थल पर ही प्रदर्शन करने लगे। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण मौके पर एसपी को बुलाने तथा मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिये जाने की मांग कर रहे थे। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे सदर एसडीओ ने उग्र ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया।
बताया जाता है कि पथरा गांव निवासी इलियास हुसैन मुर्गी फार्म का संचालन करते हैं। इलियास हुसैन ने मुर्गी फार्म के आसपास के इलाके में तार से बैरिकेटिंग कर उसमें करंट प्रवाहित किया था। रविवार की सुबह पुरैना गांव के सुकई बांसफोड़ सुअर चराने के लिए मुर्गी फार्म की ओर गये थे। इसी क्रम में बैरिकेटिंग किये गये लोहे के तार में प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में वे आ गए। इस घटना में सुकई बांसफोड़ की मौके पर ही मौत हो गयी। इस बात की सूचना मिलने के बाद ग्रामीण उग्र हो गये, तथा घटना स्थल पर हंगामा व प्रदर्शन करने लगे। ग्रामीण करीब दो घटे तक एसपी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। ग्रामीणों का कहना था कि इसी तरह से दो दिन पूर्व ही एक बच्ची को करंट लग गया था। इसके बावजूद तार से विद्युत करंट प्रवाहित करने का कार्य बंद नहीं किया गया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष रामसेवक रावत ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन ग्रामीण उनकी बात सुनने को तैयार नहीं थे। आखिरकार इस बात की सूचना वरीय पदाधिकारियों को दी गयी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एसडीओ सदर मृत्युंजय कुमार और एसडीपीओ मनोज कुमार ने ग्रामीणों को समझाया तथा तार में करंट प्रवाहित करने वाले व्यक्ति पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज करने की बात कहीं। वहीं सीओ राजेश कुमार ने कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत तीन हजार रुपये की राशि परिजनों को दिया। प्रशासनिक स्तर वर मुआवजा का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीण शांत हुए। मौके पर मौजूद सहायक विद्युत अभियंता ने बताया कि तार में करंट प्रवाहित करने वाले पर विद्युत चोरी की भी प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।