जिलाधिकारी राहुल कुमार ने मंगलवार को बाल विकास परियोजना के कार्यो की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में निर्देश के बावजूद कार्य के निस्तारण में सुस्ती को लेकर तीन सीडीपीओ से जिलाधिकारी ने जवाब तलब किया।
मंगलवार को समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि हाई कोर्ट में प्रति शपथ पत्र दाखिल करने के संबंध में निर्देश जारी किये जाने के बाद भी कटेया, मांझा तथा फुलवरिया सीडीपीओ ने कोई भी कार्रवाई नहीं की। इस कार्य में सुस्ती पर जिलाधिकारी ने इनसे जवाब तलब किया। कन्या सुरक्षा योजना के समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने पाया कि भोरे, बरौली, उंचकागांव तथा फुलवरिया सीडीपीओ ने एक भी आवेदन पत्र नहीं सौंपा। इस कार्य में सुस्ती को लेकर इनसे जवाब तलब किया गया। बैठक के दौरान टीएचआर वितरण का कार्य निर्धारित समय के अंदर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। बैठक में जिलाधिकारी ने वैसे भवनहीन आंगनबाड़ी केन्द्रों की स्थिति की भी समीक्षा की। बैठक में प्रभारी जिला प्रोग्राम पदाधिकारी रजनीश कुमार राय के अलावा सभी सीडीपीओ व महिला पर्यवेक्षिका मौजूद थीं।