प्रखंड के बांसघाट मसूरिया स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में शुक्रवार को बीइओ को बुलाने की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कूल पहुंचे सीओ, डीपीओ और थाना प्रभारी का घेराव किया। पिछले पांच दिन से शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने इस स्कूल में ताला जड़ा हुआ है। शुक्रवार को ग्रामीणों को समझा बुझा कर मामले को हल करने के लिए सीओ और डीपीओ महम्मदपुर थाना प्रभारी विकास कुमार के साथ स्कूल परिसर पहुंचे। उनके विद्यालय पहुंचते ही आक्रोशित ग्रामीणों ने उनका घेर कर ताला खोलने से इंकार कर दिया। इस दौरान ग्रामीण बीइओ को बुलाने की मांग करने लगे। हालांकि सीओ इंदू भूषण श्रीवास्तव ने ग्रामीणों को समझा बुझा कर शांत कराया और समस्या को विस्तारपूर्वक बताने का आग्रह किया। ग्रामीणों ने कहा कि समस्या से अवगत कराने के लिए जब भी बीइओ रविंद्र नाथ को फोन किया गया, उन्होंने अभद्र भाषा का प्रयोग किया। उन्होने शिक्षकों की संख्या बढ़ाने तथा हेडमास्टर को बदलने की भी मांग किया। ग्रामीणों की समस्या सुन डीपीओ ने तत्काल प्रभाव से बीइओ के वेतन रोकने के लिए विभाग से अनुशंसा करने का आश्वासन दिया। उन्होंने एचएम का दूसरे विद्यालय में तबादला करने के साथ ही चार नये शिक्षकों को नियुक्त करने का आदेश भी दिया। जिससे मांगे पूरी होने पर ग्रामीणों ने स्कूल का ताला खोल दिया।