इस वर्ष बिहार दिवस के मौके पर रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में देश-विदेश के कलाकार आएंगे जो विभिन्न जगहों पर नृत्य, गायन और हास्य की तिकड़ी से लोगों को गुदगुदाएंगे।
इस वर्ष भी राजधानी के गांधी मैदान में 22 और 23 मार्च को बिहार दिवस मनाया जाएगा। 23 मार्च को रवीन्द्र भवन में लोग हास्य कवि सम्मेलन का आनंद उठा सकेंगे। कवि सम्मेलन में देश के नामी कवि शिरकत कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार इसकी पूरी तैयार कर ली गई है। इस बाबत सोमवार को गांधी में बनाए गए स्टॉलों का डीएम संजय अग्रवाल और एसएसपी मनु महाराज ने जायजा लिया। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध के लिए अधिकारियों के साथ बैठक की।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 22 मार्च को गांधी मैदान में 4.30 बजे बिहार दिवस का विधिवत उद्घाटन करेंगे। समारोह की अध्यक्षा सूबे के शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी करेंगे। मौके पर कई गणमान्य लोग उपस्थित होंगे।