जादोपुर-मंगलपुर पुल के उद्घाटन को लेकर इसी माह होने वाली सीएम की प्रस्तावित यात्रा को लेकर जिलाधिकारी राहुल कुमार ने एसपी के साथ पुल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अबतक के निर्माण कार्य की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। साथ ही सीएम के आगमन को लेकर आयोजित होने वाले कार्यक्रम स्थल का भी निरीक्षण किया।
मंगलवार को जादोपुर पहुंचने के बाद जिलाधिकारी राहुल कुमार, एसपी निताशा गुड़िया व अन्य पदाधिकारियों के साथ पुल के उस पार भी गये। इस दौरान उन्होंने पुल निर्माण के तमाम छोटे-छोटे लंबित कार्य को अविलंब पूर्ण करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने सीएम के प्रस्तावित दौरे के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रम के स्थल की भी जांच की। साथ हेलीपैड निर्माण सहित अन्य स्थानों का विधिवत जायजा लिया। एसपी ने निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। ज्ञातव्य है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यात्रा 12 मार्च को प्रस्तावित है। हालांकि इस बात की पुष्टि अबतक आधिकारिक स्तर पर नहीं हो सकी है।