प्रखंड परिसर स्थित सभागार में मंगलवार को पंचायत चुनाव में मैदान में उतरने वाले संभावित प्रत्याशियों को प्रशिक्षण देने के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रत्याशियों को नामांकन पत्र भरने के तरीके के बारे में विस्तार से बताया गया। कार्यशाला में प्रखंड विकास पदाधिकारी धीरज कुमार दुबे ने संभावित प्रत्याशियों को बताया कि नामांकन के लिए आरक्षी कोटी के अभ्यर्थी को जाति प्रमाण पत्र, मतदाता सूची की सत्यापित प्रति लगाना आवश्यक होगा। इसके साथ ही शपथ पत्र पांच प्रति में जमा करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी किसी का प्रस्तावक नहीं हो सकते हैं। कोई भी व्यक्ति किसी एक प्रत्याशी का ही प्रस्तावक बन सकते हैं। कार्यशाला में आदर्श चुनाव आचार संहिता के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए प्रत्याशियों को इसका हर हाल में पालन करने को कहा गया। कार्यशाला में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी विजय कुमार सहित काफी संख्या में पंचायत चुनाव के संभावित प्रत्याशी मौजूद रहे।