दूसरे चरण में यूपी की सीमा से सटे कटेया व पंचदेवरी प्रखंड में चुनाव कराया जाएगा। इन दोनों प्रखंडों में चुनाव के लिए प्रपत्र पांच में शुक्रवार को बकायदा अधिसूचना जारी की जाएगी। अधिसूचना के अगले दिन यानि शनिवार पांच मार्च से नामांकन दाखिला की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। नामांकन दाखिला 11 मार्च तक किया जा सकेगा।
राज्य निर्वाचन आयोग ने जिले में आठ चरण में पंचायत चुनाव कराने का वृहद कार्यक्रम जारी किया है। इसके तहत दूसरे चरण में कटेया व पंचदेवरी प्रखंड में चुनाव होगा। जिला पंचायती राज पदाधिकारी शंभू नाथ ने बताया कि इन दोनों प्रखंड में मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, जिला परिषद सदस्य, ग्राम पंचायत सदस्य तथा ग्राम कचहरी के सदस्य के लिए चुनाव कराया जाएगा। इनमें से जिला परिषद की सीट को छोड़कर अन्य पदों के लिए बीडीओ के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया जाएगा। बीडीओ संबंधित प्रखंड के निर्वाची पदाधिकारी होंगे। इसके अलावा जिला परिषद के लिए संबंधित अनुमंडल के एसडीओ के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण का मतदान 28 अप्रैल को कराया जाएगा।
नामांकन दाखिला के समय रहेगी चौकसी
शनिवार से प्रारंभ हो रहे नामांकन दाखिला कार्यक्रम को लेकर निर्धारित स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था कायम रखने के निर्देश जारी किये गये हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि संबंधि प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ ही थानाध्यक्षों को इस संबंध में निर्देश दिये गये हैं। साथ ही नामांकन के समय फरार चल रहे लोगों की गिरफ्तारी के निर्देश दिये गये हैं।
दूसरे चरण में 1.54 लाख मतदाता
दूसरे चरण में 1,54,953 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 84,743 मतदाता कटेया प्रखंड में तथा 70,210 मतदाता पंचदेवरी प्रखंड में शामिल हैं। कटेया प्रखंड के कुल मतदाताओं में 45009 पुरुष तथा 39734 महिला मतदाता हैं। अलावा इसके पंचदेवरी प्रखंड में 35844 पुरुष व 34366 महिला मतदाता शामिल हैं।
खुद दाखिल करना होगा नामांकन
पंचायत चुनाव के दौरान चुनाव मैदान में उतरने वाले लोगों को खुद नामांकन पत्र दाखिल करना होगा। किसी भी परिस्थिति में प्रस्तावक या डाक से किसी भी नामांकन पत्र को स्वीकार नहीं किया जाएगा। इस संबंध में आयोग ने संबंधित निर्वाची पदाधिकारियों को दिशानिर्देश जारी किया है।
क्या है पंचायत चुनाव का कार्यक्रम
दूसरा चरण :- कटेया व पंचदेवरी प्रखंड
* अधिसूचना जारी होने की तिथि : 4 मार्च।
* नामांकन दाखिला : 5 मार्च से 11 मार्च तक।
* नामांकन पत्रों की जांच : 14 मार्च।
* नाम वापसी की तिथि : 17 मार्च।
* प्रतीक चिन्ह आवंटन : 17 मार्च।
* मतदान की तिथि : 28 अप्रैल।
इन पदों के लिए होगा चुनाव
प्रखंड मुखिया सरपंच बीडीसी
कटेया 11 11 15
पंचदेवरी 09 09 13
प्रखंड वार्ड पंच जिप
कटेया 155 155 02
पंचदेवरी 128 128 01