हथुआ के गोपेश्वर कालेज के खेल मैदान में चल रहे राजपातो देवी एंड उर्मिला देवी गोल्ड कप फुटबाल प्रतियोगिता का फाइनल मैच देखने शनिवार को पहुंचे सूबे के कला संस्कृति सह जिला प्रभारी मंत्री शिवचंद्र राम ने गोपेश्वर कालेज के खेल मैदान को स्टेडियम बनाने का एलान किया। इस मौके पर ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने भी खेलों के विकास के लिए नीतीश सरकार द्वारा किये जा रहे प्रयास के बारे में भी विस्तार से बताया । प्रतियोगिता के समापन के बाद हजारों की संख्या में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि खेल राष्ट्रीय एकता को मजबूत करता है। खेल आपस में प्रेम व मोहब्बत पैदा करता है। उन्होने कहा कि इस प्रतियोगिता के फाइनल मैच में दिल्ली तथा केरल के खिलाड़ियों के बीच मुकाबला हुआ। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने न सिर्फ अपनी प्रतिभा दिखाई, बल्कि राष्ट्रीय एकता का संदेश भी दिया। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद तथा कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी बिहार का हर क्षेत्र में विकास करने के लिए मिल कर काम कर रहे हैं। सरकार युवाओं के लिए विशेष अवसर उपलब्ध करा रही है। इंटर से आगे पढ़ाई करने के लिए छात्रों को चार लाख का क्रेडिट कार्ड मिलेगा। यह योजना एक अप्रैल से लागू हो जाएगी। रोजगार की तलाश करने वाले बीस से पच्चीस साल के युवाओं को नीतीश सरकार प्रतिमाह एक हजार रुपये देगी। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सात निश्चय पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि एक- एक कर इन निश्चय को सरकार लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री ने जो भी घोषणाएं की थी, उसे लागू किया जा रहा है। अपने संबोधन में कला एवं संस्कृति सह जिला प्रभारी मंत्री शिवचंद्र राम ने गोपेश्वर कालेज के खेल मैदान को स्टेडियम बनाने का एलान करते हुए कहा कि इसके साथ ही बिहार के हर प्रखंड में एक स्टेडियम बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार खेल को बढ़ावा दे रही है। खेल बजट को पच्चीस प्रतिशत बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार के खिलाड़ी काफी प्रतिभाशाली हैं। खिलाड़ियों को अंतर राष्ट्रीय स्तर की सुविधा मिले, इसको लेकर राजगीर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम बनाया जा रहा है। सभा को विधायक अमरेंद्र कुमार पाण्डेय उर्फ पप्पू पाण्डेय, विधायक रामसेवक सिंह, विधायक अनिल कुमार, विधायक नेमतुल्लाह आदि ने भी संबोधित किया। इस मौके पर राजद के जिलाध्यक्ष पूर्व विधायक रेयाजुल हक राजू, जदयू जिलाध्यक्ष प्रमोद पटेल सहित काफी संख्या में जनप्रतिनिधि व हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे। इससे पूर्व मंत्री के आगमन पर प्रतियोगिता के आयोजन समिति के अध्यक्ष मुकेश पाण्डेय ने स्वागत किया।
नहीं आए सीएम, निराश दिखे लोग
हथुआ के गोपेश्वर कालेज के खेल मैदान में चल रहे राजपातो देवी एंड उर्मिला पाण्डेय गोल्ड कप फुटबाल प्रतियोगिता के फाइनल मैच में शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आने का कार्यक्रम तय होने के बाद उन्हें देखने और सुनने के लिए हजारों की संख्या में लोग खेल मैदान में उमड़ पड़े। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सुरक्षा बल के जवान भी मुस्तैद रहे। सड़क से लेकर खेल मैदान के चप्पे- चप्पे पर सुरक्षा कर्मी तैनात रहे। लेकिन अंतिम समय में मुख्यमंत्री के आने का कार्यक्रम रद हो गया। जिससे उन्हें देखने और सुनने के लिए आए लोगों में काफी निराश देखने को मिली। शनिवार की सुबह से ही मुख्यमंत्री को देखने तथा उनका भाषण सुनने के लिए लोग हथुआ गोपेश्वर कालेज के मैदान में पहुंचने लगे। दिन के दस बजे फुटबाल प्रतियोगिता का फाइनल मैच शुरू होने से पहले ही पूरा मैदान लोगों से खचाखच भर गया। लोग मैच का आनंद लेने के साथ ही अपनी नजर आसमान पर मुख्यमंत्री के हेलीकाप्टर को देखने के लिए भी लगाए रहे। इस बीच मंच से भी मुख्यमंत्री के आने का एलान किया जाता रहा। मुख्यमंत्री के आगमन का समय दो बजे था। दिन के एक बजते ही सुरक्षा बल के जवानों की चहलकदमी बढ़ गयी। लोगों भी मुख्यमंत्री के आगमन का इंतजार करने लगे, लेकिन इसी बीच सवा एक बजे मुख्यमंत्री के नहीं आने की बात हवा में तैरने लगी। इस प्रतियोगिता के संरक्षक विधायक अमरेंद्र कुमार पाण्डेय उर्फ पप्पू पाण्डेय ने मीडिया कर्मियों को यह जानकारी दी कि मुख्यमंत्री की तबीयत कुछ खराब हो गयी है। जिससे वे नहीं आ पाएंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की जगह ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार तथा कला एवं संस्कृति मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री शिवचंद्र राम आ रहे हैं। लेकिन तब तक सीएम के नहीं आने की जानकारी लोगों को नहीं थी। इसी बीच दिन के दो बजे आसमान में हेलीकाप्टर मंडराने लगा। जिसे देखकर लोगों में जोश भर गया। लेकिन हेलीकाप्टर से उतरने के बाद मंच पर पहुंचे मंत्री श्रवण कुमार ने अपने संबोधन में लोगों को यह जानकारी दी कि मुख्यमंत्री की तबीयत खराब होने के कारण वे नहीं आ सके हैं। उन्होने अपनी जगह हमें यहां भेजा है। मुख्यमंत्री के नहीं आने की जानकारी मिलते ही उन्हें देखने और सुनने आये हजारों लोगों में निराशा फैल गयी।
रोमांचक मुकाबले में दिल्ली को मिली जीत
हथुआ के गोपेश्वर कालेज के खेल मैदान में चल रहे राजपातो देवी एंड उर्मिला पाण्डेय गोल्ड कप फुटबाल प्रतियोगिता का शनिवार को फाइनल मैच गढ़वाल इलेक्ट्रिक बोर्ड की टीम के बीच खेला गया। जिसमें दिल्ली की टीम ने केरल को 2-1 से हरा कर शील्ड पर कब्जा जमा लिया। हजारों दर्शकों की मौजूदगी में शुरू हुए इस मैच में शुरुआत से ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। मैच शुरू होने के आठवें मिनट में दिल्ली के खिलाड़ी ने एक गोल दाग कर अपनी टीम को बढ़ दिला दिया। हालांकि दिल्ली की टीम यह बढ़त अधिक देर तक बरकरार नहीं रख सकी। मध्यांतर से पहले ही केरल के खिलाड़ी ने एक गोल दाग कर अपनी टीम को बराबर पर ला दिया। मध्यांतर के बाद खेल शुरू होने पर दोनों टीमों ने गोल करने के कई शानदार प्रयास किये। लेकिन उन्होंने सफलता नहीं मिली। इस बीच खेल समाप्त होने के कुछ देर पहले दिल्ली के खिलाड़ी ने एक और गोल दाग कर अपनी टीम को बढ़ दिला दिया और मैच को 2-1 से जीत कर शील्ड पर कब्जा जमा लिया। विजेता तथा उपविजेता टीम के साथ ही इस प्रतियोगिता में तीसरे स्थान पर रही लखनऊ आर्मी की टीम के खिलाड़ियो ने मंत्री ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।