अगले सप्ताह से प्रारंभ होने वाली इंटर कला, विज्ञान व वाणिज्य की परीक्षा को लेकर शनिवार को सभी परीक्षा केन्द्रों के वीक्षक व केन्द्राधीक्षकों को विधिवत प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान वीक्षण कार्य से लेकर अन्य कई बिन्दुओं पर विस्तृत जानकारी उपलब्ध करायी गयी।
नगर के एसएस बालिका विद्यालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने केन्द्राधीक्षक से लेकर वीक्षक तक को परीक्षा के दौरान कार्य व्यवहार से लेकर अन्य कार्यो के बारे में जानकारी दी। साथ ही परीक्षार्थियों को उत्तर पुस्तिका उपलब्ध कराने व दोबारा पुस्तिका को प्राप्त करने के तौर तरीकों के बारे में भी बताया गया। अलावा इसके परीक्षा के दौरान कदाचार पर पूर्ण लगाम लगाने के उपायों के बारे में भी जानकारी उपलब्ध करायी गयी। विभागीय अधिकारियों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा कदाचार मुक्त परीक्षा कराने के उपायों आदि के बारे में दिये गये निर्देशों की भी जानकारी दी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी, अशोक कुमार के अलावा पीओ मनोज कुमार, कपिलदेव तिवारी सहित कई पदाधिकारी व सभी केन्द्राधीक्षक व वीक्षक मौजूद थे।