दहेज में पांच लाख रुपये नकदी व बोलेरो गाड़ी की मांग पूरी नहीं होने पर शादी के आठ साल बाद एक महिला की उसके पति व ससुराल के लोगों ने हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने के बाद झारखंड से पहुंचे मृत महिला के भाई ने मामले की बरौली थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है।
जानकारी के अनुसार झारखंड के धनबाद जिले के अलकाहीहा थाना क्षेत्र के जयरामपुर गांव के निवासी अनूप कुमार सिंह की बहन अर्पणा उर्फ चिम्पू की शादी वर्ष 2007 में बरौली थाना क्षेत्र के रतनसराय गांव के चंदन सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद ससुराल जाने पर अर्पणा उर्फ चिम्पू को उसके पति व ससुराल के अन्य लोगों ने दहेज में पांच लाख रुपये नकदी तथा बोलेरो गाड़ी के लिए प्रताड़ित करना शुरु कर दिया। इसके बाद भी जब अर्पणा के भाई ने उनकी मांग पूरी नहीं की तो उसकी घर में ही उसके पति व ससुराल के अन्य लोगों ने पीटकर हत्या कर दी तथा शव को गायब कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद झारखंड से अपनी बहन के ससुराल पहुंचे अनूप कुमार सिंह ने इस संबंध में थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी। दर्ज प्राथमिकी में चंदन सिंह, उपेन्द्र सिंह तथा छोटन सिंह सहित पांच लोगों को नामजद आरोपी बनाया है। पुलिस कांड अंकित कर मामले की छानबीन में लग गयी है। इस मामले में किसी की भी गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।