उंचकागांव के बीइओ पर कार्रवाई की अनुशंसा

शिक्षिका को अनुचित लाभ पहुंचाने के लिए बार-बार उसका प्रतिनियोजन करने के मामले में उंचकागांव के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सूरज लाल प्रसाद के विरुद्ध जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कार्रवाई की अनुशंसा की है। डीइओ ने प्राथमिक शिक्षा के निदेशक तथा प्रधान सचिव को पत्र लिखकर नियम विरुद्ध कार्य करने के आरोप में बीइओ पर कार्रवाई करने को कहा है।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आशिया जफर नामक नियमित शिक्षिका को उंचकागांव प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय साथी में तैनात किया गया था। लेकिन बीइओ ने जानबूझ कर उक्त शिक्षिका का बार-बार प्रतिनियोजन किया। हद तो यह कि डीपीओ स्थापना द्वारा रोक लगाने जाने के बाद भी दो-दो बार प्रतिनियोजन का आदेश बीइओ ने अपने स्तर पर निकाला तथा उन्हें कभी भी मूल विद्यालय में कार्य नहीं करने दिया। इसी प्रकार जिला शिक्षा पदाधिकारी अशोक कुमार ने उंचकागांव प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय हरिजन टोली के निरीक्षण के दौरान पाया कि बीइओ ने विद्यालय की शिक्षिका नजमा आरा को प्राथमिक विद्यालय गुरम्हा में प्रतिनियोजित किया है। इसी प्रकार प्राथमिक विद्यालय त्रिलोकपुर की शिक्षिका किरण कुमारी का प्रतिनियोजन गुरम्हा विद्यालय में तथा उत्क्रमित मध्य विद्यालय राजापुर में तैनात शिक्षिका कुमारी शशिकला को प्राथमिक विद्यालय त्रिलोकपुर में प्रतिनियोजित किया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि सभी प्रतिनियोजन नियम के विरुद्ध बीइओ ने किया है। जो उनके मनमाने तरीके से कार्य करने का द्योतक है। उनके विरुद्ध कार्रवाई के लिए विभाग को लिखा गया है।

Ads:






Ads Enquiry