एक आपराधिक मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के चौबीस घंटे बाद भी उसे कोर्ट में प्रस्तुत नहीं किये जाने की शिकायत दर्ज कराने के बाद एक अधिवक्ता के साथ गाली-गलौज व अपमान जनक भाषा का प्रयोग करने के मामले में थावे थाने में तैनात सहायक अवर निरीक्षक अभय कुमार तिवारी के विरुद्ध नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। कोर्ट के आदेश पर कांड अंकित करने के बाद पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
बरौली थाना क्षेत्र के बढ़ेया टोला बरौली गांव के बशिष्ठ नारायण यादव ने दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि एक आपराधिक मामले में थावे थाना के सहायक अवर निरीक्षक अभय कुमार तिवारी ने अमरनाथ यादव को गिरफ्तार किया। उनकी गिरफ्तारी के चौबीस घंटे के बाद भी जब उन्हें जेल नहीं भेजा गया तो इस संबंध में उन्होंने एसपी व एसडीपीओ को शिकायत दर्ज करायी। इस बात की जानकारी होने के बाद एएसआइ ने उनके साथ गाली-गलौज की तथा अपमान जनक भाषा का प्रयोग किया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।