उर्दू शिक्षकों के नियोजन के लिए निर्धारित तिथि को नहीं पहुंचने के मामले में बरौली प्रखंड की तीन पंचायत नियोजन इकाईयों पर कार्रवाई के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी अशोक कुमार ने जिलाधिकारी राहुल कुमार को अनुशंसा की है। डीइओ ने बताया कि गत चार व पांच फरवरी को सभी पंचायतों में उर्दू शिक्षकों के लिए कैंप आयोजित करने का निर्देश जारी किया गया था। इस निर्देश के अलोक में बरौली प्रखंड के उच्चतर हाई स्कूल बरौली में कैंप आयोजित किया गया था। बावजूद इसके इस कैंप में बरौली प्रखंड के ग्राम पंचायत राज मोगल बिरैचा, लड़ौली तथा कहला की नियोजन इकाईयां शामिल नहीं हुई। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कार्य में लापरवाही बरतने के लिए इन तीनों पंचायत नियोजन इकाई के सचिवों के विरुद्ध कार्रवाई की अनुशंसा की है।