बूथ पर अंकित कराएं मतदान केन्द्र का नाम

कलेक्ट्रेट स्थित कौशल विकास केन्द्र में जिलाधिकारी राहुल कुमार ने पंचायत चुनाव के तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने चिन्हित मतदान केन्द्रों की वाल पेंटिंग कराकर उसपर मतदान केन्द्र संख्या तथा केन्द्र का नाम अंकित करने का निर्देश जारी किया।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने 25 फरवरी तक सभी बीडीओ सह निर्वाची पदाधिकारी ने नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने के लिए प्रखंड मुख्यालय में स्थान चिन्हित कर उस संबंध में पूर्ण रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही मतपेटिकाओं की मरम्मत से लेकर पेंटिंग आदि कार्य के संबंध में भी विस्तृत प्रतिवेदन तलब किया। समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने बज्रगृह तथा मतगणना स्थल के संबंध में प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। करीब दो घंटे तक चली इस बैठक के दौरान नामांकन पत्र प्राप्त करने के लिए सभी प्रखंड में काउंटर बनाने तथा पर्याप्त संख्या में नाजिर रसीद की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी निर्वाची पदाधिकारियों को नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किये जाने के समय ही प्रपत्र सात तैयार कर लेने का निर्देश दिया। अलावा इसके नामांकन पत्र प्राप्त किये जाने के समय सभी संबंधित पंजी का संधारण करने का निर्देश जारी किया। बैठक में सभी बीडीओ से गश्ती दल दंडाधिकारी व सेक्टर दंडाधिकारी के लिए रूट चार्ट बनाने के साथ ही संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया। बैठक में जिलाधिकारी के अलावा एडीएम विभागीय जांच हेमंत नाथ देव, उप विकास आयुक्त दयानंद मिश्र, अवर निर्वाचन पदाधिकारी जावेद इकबाल व सभी बीडीओ मौजूद थे।

Ads:






Ads Enquiry