जिलाधिकारी के जनता दरबार में पहुंचे विकलांग ने आवेदन देकर नौकरी की मांग की। आवेदन पर सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी राहुल कुमार ने जिला नियोजन पदाधिकारी को विधि सम्मत कार्रवाई करने का आदेश दिया।
जनता दरबार में पहुंचे हथुआ प्रखंड के मछागर लछीराम गांव के प्रवीन्द्र कुमार सिंह ने शिकायत किया कि वह विकलांग है। लेकिन आवेदन दिये जाने के बाद भी उसे अबतक नौकरी नहीं मिल सकी है। उधर थावे प्रखंड के एकडेरवां गांव के मोहम्मद सल्लाउद्दीन ने बीपीएल अथवा एपीएल किसी भी सूची में दर्ज नहीं होने की शिकायत दर्ज करायी। थावे बीडीओ को मामले की जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया गया। मांझा प्रखंड के छवहीं खास गांव की मीना देवी तथा ललन प्रसाद सहित अन्य ग्रामीणों ने गैरमजरुआ आम रास्ते की जमीन को अतिक्रमण मुक्त करने की गुहार लगायी। जिलाधिकारी ने मांझा सीओ को जांच कर उचित कार्रवाई का निर्देश दिया। उंचकागांव प्रखंड के सलेमपट्टी गांव की फुलकालो देवी ने कुछ दबंगों द्वारा उसके इंदिरा आवास के निर्माण में बाधा डालने की शिकायत दर्ज करायी। इसी प्रकार बरौली थाना क्षेत्र के रतनसराय गांव के भुटी भगत ने जमीन का अतिक्रमण कर लेने तथा नगर थाना के सरेया वार्ड संख्या तीन के बैजू शर्मा, सुदामा भगत आदि ने असमाजिक तत्वों द्वारा मोहल्ले में अवैध तरीके से स्मैक की बिक्री किये जाने को लेकर शिकायत दर्ज करायी। बरौली थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव के लोगों ने राशन व किरासन वितरण में अनियमितता की शिकायत दर्ज करायी। दोपहर बाद तक चले इस जनता दरबार में आवेदकों की भीड़ लगी रही। जिलाधिकारी ने इस अवधि में कुल 175 लोगों के आवेदन पर सुनवाई कर कार्रवाई का निर्देश दिया। जनता दरबार में एडीएम जगदीश प्रसाद सिंह तथा एडीएम विभागीय जांच हेमंत नाथ देव सहित सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।