पंचायत समिति की बैठक में शिक्षा की व्यवस्था पर उठे सवाल

प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित किसान भवन में शनिवार को प्रखंड प्रमुख की अध्यक्षता में हुई पंचायत समिति की बैठक में सदस्यों ने शिक्षा तथा स्वास्थ्य की व्यवस्था पर सवाल दागे। विधायक मिथिलेश तिवारी ने विद्यालय भवन निर्माण में देरी करने तथा स्थानीय अस्पताल में मरीजों को कोई सुविधा नहीं देने का आरोप संबंधित विभागों के पदाधिकारियों पर लगाया। बैठक में सदस्यों ने भी कहा कि प्रखंड के कई विद्यालयों में भवन निर्माण का कार्य अधूरा पड़ा है। हालांकि इस पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने सदस्यों को बताया कि जमीन संबंधित विवाद होने के कारण भवन निर्माण का कार्य नहीं हो पा रहा है। बीइओ के इस जवाब पर विधायक श्री तिवारी ने असहमति जताते हुए कहा कि प्रखंड में दर्जनों ऐसे विद्यालय हैं, जहां कोई विवाद नहीं है। इन विद्यालयों में शिक्षा विभाग की लापरवाही के कारण ही भवन का निर्माण पूरा नहीं हो रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्राथमिक स्वास्थ केंद्र में दवाइयां से लेकर सूई तक मरीजों को नहीं मिल पाती हैं। दवा व सूई स्वास्थ कर्मियों की मिली भगत से बाजार में बेच दिया जाता है। इसलिए सरकारी अस्पताल में लोग अपना इलाज कराने से कतराते हैं। उन्होने पीएचसी प्रभारी को व्यवस्था में सुधार लाने को कहा। बैठक में कई मुखिया, आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिका, बीडीओ सहित कई प्रखंड स्तर के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।

Ads:






Ads Enquiry