सात निश्चय का प्रभावी तरीके से करें क्रियान्वयन

जिले के प्रभारी मंत्री शिवचन्द्र राम ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट में विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में तमाम लंबित योजनाओं को अविलंब पूर्ण करने के साथ ही सरकार के सात निश्चय का प्रभावी तरीके से कार्यान्वयन करने का निर्देश जारी किया।

सभा भवन में घंटों चली इस मैराथन बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री ने विभाग के हिसाब से कार्यो की समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सात निश्चय किये हैं। इनका प्रभावी तरीके से कार्यान्वयन के लिए सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी पूर्ण तत्परता के साथ कार्य करें। मंत्री ने सात निश्चय के अनुरुप कार्य योजना बनाने को निर्देश जारी किया। आपूर्ति विभाग के कार्य की समीक्षा के दौरान मंत्री ने कहा कि विभाग की ओर से केरोसिन डिपो की समय-समय पर जांच की जाय। ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं हो सके। महादलितों के लिए चल रही योजनाओं की समीक्षा के दौरान मंत्री ने सभी प्रखंड कार्यालयों में विकास मित्रों को बैठने के लिए व्यवस्था करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान आंगनबाड़ी केन्द्रों में ससमय पोषाहार का वितरण करने का निर्देश जारी किया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि कहा कि विकलांगों को प्रमाण पत्र देने के लिए शिविर का आयोजन करने का निर्देश दिया। समीक्षा के क्रम में मंत्री ने पाया कि कब्रिस्तानों के घेराबंदी की योजना अब भी अपूर्ण है। उन्होंने इन्हें पूर्ण करने का निर्देश जारी किया। कृषि विभाग के कार्यो की समीक्षा के क्रम में ई-किसान भवनों के निर्माण कार्य को 31 मार्च तक हर हाल में पूर्ण करने का निर्देश दिया। प्रभारी मंत्री ने भूमिहीन विद्यालयों व आंगनबाड़ी केन्द्रों के लिए भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा हाइवे पर ओवरलोड वाहनों का परिचालन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जिले में स्टेडियम निर्माण की समीक्षा के क्रम में मंत्री ने पाया कि जिले में तीन स्टेडियम का निर्माण कराये जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसके विरुद्ध अबतक केवल एक के लिए ही स्थल चयन व निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ की गयी है। उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप दो अन्य स्टेडियम निर्माण के लिए स्थल व भूमि चयन का कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। बैठक में जिलाधिकारी राहुल कुमार के अलावा सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।

Ads:






Ads Enquiry