शराब पीने के लिए पैसा देने से इनकार करने पर मीरगंज थाना क्षेत्र के धरनीहाता गांव में एक युवक ने दुकानदार को चाकू घोंपकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल दुकानदार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कांड अंकित कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रविशंकर प्रसाद श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर गुरुवार की शाम जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार धरनीहाता गांव के राजकपूर साह अपनी दुकान के लिए सामान लाने के लिए बाजार जा रहे थे। इसी बीच रास्ते में इसी गांव के रविशंकर प्रसाद श्रीवास्तव ने उन्हें रोक लिया तथा शराब पीने के लिए दुकानदार से पांच सौ रुपये की मांग की। पैसा देने से इनकार करने पर रविशंकर ने दुकानदार पर चाकू से हमला कर दिया। घायल दुकानदार को आसपास के लोगों ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। राजकपूर साह ने घटना को लेकर थाने में दर्ज प्राथमिकी में रविशंकर पर चाकू मारने के बाद 2700 रुपये नकदी छीन लेने का आरोप लगाया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया।