केंद्रीय योजना में उदासीनता बरत रही सरकार

भाजपा ने प्रदेश सरकार पर केंद्र सरकार से संचालित योजनाओं में उदासीनता बरतने का आरोप लगाया है। गुरुवार को प्रेस को संबोधित करते हुए भाजपा विधायक मिथिलेश तिवारी ने यह आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से संचालित किसी भी योजना को जिले में प्रभावी ढंग से लागू नहीं किया जा रहा है। जिले में आयोजित सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक में यह साफ हो गया कि केंद्र द्वारा संचालित इंदिरा आवास योजना भी इस जिले में काफी पीछे चल रही है। उन्होने कहा कि यह राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद का गृह जिला है। इसके बाद भी योजनाओं को धरातल पर उतारने में उदासीनता बरती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शौचालय निर्माण में जनप्रतिनिधि ठेकेदारी कर रहे है। जबकि यह राशि लाभुकों को उपलब्ध करानी है। गन्ना किसानों की समस्या उठाते हुए उन्होने कहा कि गन्ना मूल्य निर्धारण करने के मामले में प्रदेश सरकार किसानों के साथ छल कर रही है। बिहार सरकार गन्ना का मूल निर्धारण बजट सत्र के बाद करना चाहती है। ताकि चीनी मिलों को मनमानी करने की छूट मिल सके। उन्होंने कहा कि आगामी बजट सत्र में सरकार को इन मामलों का जवाब देना होगा। इस मौके पर व्यास सिंह, गणेश सिंह, श्यामनंदन सिंह यादव, विजय सिंह, रामबाबू शिक्षक, मोख्तार साह आदि भी मौजूद रहे।

Ads:






Ads Enquiry