नियोजन की प्रक्रिया सुस्त पड़ जाने से अब संगीत व नृत्य शिक्षक नियोजन के अभ्यर्थियों में बहाली से वंचित रह जाने की चिंता सताने लगी है। अपनी बहाली की राह देख रहे संगीत व नृत्य शिक्षक अभ्यर्थियों ने गुरुवार को समाजसेवी सुशील कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बैठक कर नियोजन में हो रही देरी पर विचार विमर्श किया। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि माध्यमिक शिक्षा के निदेशक के निर्देश के अनुसार संगीत व नृत्य शिक्षक के पदों पर बहाली की प्रक्रिया 23 जनवरी से 19 फरवरी के बीच पूरी कर लेनी है। जिले के हाई स्कूलों में संगीत के 61 तथा नृत्य के 17 पदों पर शिक्षक बहाल किये जाने है। उन्होने कहा कि बिहार के अन्य जिलों में बहाली की प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है। लेकिन इस जिले में अभी तक बहाली की प्रक्रिया शुरू ही नहीं की गयी है। उन्होंने कहा कि पंचातय चुनाव की घोषणा होते ही आचार संहिता लागू हो जाएगा। जिससे नियुक्ति प्रक्रिया पर रोक लग जाएगी। उन्होने जिला शिक्षा पदाधिकारी से नियुक्ति के लिए शीघ्र कदम उठाने की मांग की है।