जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में देश के खिलाफ नारेबाजी से नाराज श्री राम सेना के कार्यकर्ता गुरुवार को सड़क पर उतर आए। शहर में जुलूस निकाल कर मौनिया चौक पहुंचे कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान का झंडा फूंक कर अपना रोष प्रकट किया। इस दौरान पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी होती रही। इससे पूर्व अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि पाकिस्तान देश को तोड़ने के लिए काफी समय से साजिश रच रहा है। अपनी पूरी कोशिश के बाद भी जम्मू कश्मीर को देश से अलग नहीं कर पाने से हताश पाकिस्तान अब जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में छात्रों को अपने जाल में फंसा कर राष्ट्र विरोधी गतिविधि में उन्हें शामिल करने की साजिश कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान की इस साजिश में वामपंथी भी शामिल हैं। उन्होने सरकार से जेएनयू में देश विरोधी नारे लगाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग किया। प्रदर्शन का नेतृत्व मनीष कुमार ने किया। प्रदर्शन में काफी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।