सड़क हादसे में घायल होमगार्ड जवान की मौत

गोपालगंज- सिवान पथ पर थावे मंदिर गोलंबर के समीप गुरुवार की शाम सड़क हादसे में घायल थावे थाना के होमगार्ड जवान की इलाज के दौरान गोरखपुर में मौत हो गयी। शुक्रवार को शहर के मिंज स्टेडियम के समीप स्थित होमगार्ड कार्यालय में मृत जवान को सलामी देकर अंतिम विदाई दी गयी।

बताया जाता है कि थावे थाना में तैनात होमगार्ड के जवान सिवान जिले के मैरवा निवासी परमानंद राय गुरुवार की शाम थावे दुर्गा मंदिर गोलंबर की तरफ गए थे। वे वहां से चाय पीने के बाद बाइक से थावे थाना जा रहे थे। तभी गोलंबर के पास ही एक अन्य बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गयी। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल जवान को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया था। वहां इलाज के दौरान गुरुवार की रात उनकी मौत हो गयी। शुक्रवार को जवान के पार्थिव शरीर को होमगार्ड कार्यालय ले जाकर उन्हें सलामी दी गयी। सलामी देने के बाद विभाग की तरफ से जवान का अंतिम संस्कार करने के लिए सात हजार रुपये भी उनके परिजनों को दिए गए। इस मौके पर होमगार्ड संघ के जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद, सचिव विजय कुमार, धनंजय गिरी सहित काफी संख्या में होमगार्ड के जवान मौजूद रहे।

Ads:






Ads Enquiry