दो गुटों के बीच हुए संघर्ष तथा घर में आग लगाये जाने की घटना में संलिप्त चार आरोपियों ने शुक्रवार को पुलिस दबिश के बाद सीजेएम के न्यायालय में समर्पण कर दिया। समर्पण के बाद सभी चारों आरोपियों को चौदह दिनों के न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि वर्ष 2014 में कुचायकोट थाना क्षेत्र के हिरान्दा गांव में दो समुदायों के लोग आपस में भिड़ गये थे। इस घटना में कई लोग घायल हुए। जबकि एक घर में आग लगा दी गयी। इस मामले में थाने में हिरान्दा गांव के कई लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कांड अंकित किये जाने के बाद इस मामले में नामजद हिरान्दा गांव के भीमल, रुदल मांझी, योगेन्द्र बैठा तथा धर्मेन्द्र पासी लगातार फरार चल रहे थे। जब चारों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने दबाव बनाया तो चारों ने सीजेएम के न्यायालय में शुक्रवार को समर्पण कर दिया। जहां न्यायालय ने इन्हें जेल भेज दिया।