नगर के अंबेडकर चौक के समीप एक बाइक चोरी करने का प्रयास कर रहे युवक को पकड़कर लोगों ने उसकी जमकर धुनाई कर दी। इसी बीच मौके पर पहुंची पुलिस को लोगों ने पकड़े गये युवक को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के हजियापुर वार्ड संख्या दस निवासी अमर कुमार तिवारी अपनी बाइक लेकर अंबेडकर चौक स्थित मेडिकल स्टोर से दवा खरीदने के लिए आए थे। बताया जाता है कि जैसे ही वे गाड़ी खड़ी कर मेडिकल स्टोर पर पहुंचे एक युवक ने उनकी बाइक में चाबी लगाकर लॉक को खोलने का प्रयास करने लगे। इसी बीच अमर कुमार तिवारी की नजर युवक पर पड़ गयी। उन्होंने शोर मचाते हुए आसपास के लोगों के सहयोग से बाइक चोरी कर रहे युवक को पकड़ लिया। इसी बीच अंबेडकर चौक पर मौजूद कुछ अन्य लोगों ने युवक की जमकर धुनाई कर दी तथा मौके पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया। पकड़े गये युवक की पहचान महम्मदपुर थाना क्षेत्र के हरपुर टेंगराहीं गांव के अर्जुन कुमार पाण्डेय के रूप में की गयी है। घटना को लेकर थाने में अमर कुमार तिवारी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
डाकघर चौक से बाइक चोरी
नगर थाना क्षेत्र के डाकघर चौक से चोरों ने बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के विस्टौल गांव के उपेन्द्र सिंह की बाइक चोरी कर ली गयी। बताया जाता है कि वे बाइक डाकघर चौक पर खड़ी कर प्रधान डाकघर से टिकट लेने के लिए गये थे। जब वे वापस लौटे तो उनकी बाइक गायब थी। कांड अंकित कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।